शीतलहर के साथ घने कोहरे के बीच हो रही सुबह, सड़कों पर चहल-पहल हुई कम
शहर में अलाव के भी लाले, कचरा, पन्नी आदि का इंतजाम का आग जला रहे जरूरतमंद
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मौसम की मार पड़नी शुरू हो गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के बाद पश्चिमी विक्षोभ ने ठंड बढ़ा दी है। बर्फीली हवा बदन में कांटे की तरह चुभ रही है। गलन के साथ ठिठुरन बढ़ी है। सुबह-शाम शीतलहर के बीच घना कोहरा छाया रह रहा है। इस दौरान सड़कों पर आवागमन न के बराबर है। घर से लेकर बाहर तक अलाव की जरूरत महसूस की जा रही है।
दो दिन से लगातार तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। एक दिन पहले तक अधिकतम 17 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने वाला तापमान घटकर 12 पर पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान भी 10 से 11 के बीच घट-बढ़ रहा है। इसी के साथ गलन बढ़ गई है। बाहर निकलने के दौरान ठंड से बचने के लिए लाख जतन करने पड़ रहे हैं। गर्म कपड़ों से बदन ढकने के बाद भी बाइक एवं खुले वाहनों से चलने के दौरान कलेजा हिल रहा है।
मौसम विज्ञानी डॉ. अमर नाथ पांडेय का कहना है कि अगले दो-तीन दिन में तापमान में और गिरावट आएगी। हल्की बारिश भी हो सकती हैं। रविवार को ओस की बूंदे सुबह नौ बजे तक टपक रही थी। भीषण ठंड के चलते लोगोें का सड़क पर निकलना मुहाल रहा। कुछ लोग जरूरी कार्य से निकले भी तो बदन को पूरी तरह ढक कर बावजूद उन्हें ठंड का सामना करना पड़ा। सुबह 11 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। जब सूर्यदेव दिखाई पड़े तब जाकर थोड़ी बहुत चहल-पहल बढ़ी।