अटल आवासीय विद्यालय परिसर जलमग्न संवाद
परशुरामपुर (बस्ती)। हर्रैया के बसेवा राय स्थित अटल आवासीय विद्यालय में जलभराव से हालात बिगड़ गए हैं। एक सप्ताह से अधिक समय से परिसर में जमा बारिश के पानी की निकासी नहीं हो सकी है। पानी सड़ने से दुर्गंध उठ रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। आवासीय विद्यालय होने के कारण हॉस्टल में रह रहे बच्चों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने छोटे बच्चों को 10 दिन के लिए घर भेजने का निर्णय लिया है। फिलहाल कक्षा-10 के विद्यार्थी ही विद्यालय में रहेंगे, क्योंकि उनकी बोर्ड परीक्षा नजदीक है।
विद्यालय परिसर और हॉस्टल के बीच बने रास्तों पर पानी जमा होने से विद्यार्थियों को कक्षा तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। शनिवार को पड़ताल के दौरान कक्षा-6 के छात्र जिगर, पीयूष और आदर्श ने बताया कि रास्ते में पानी भरा होने से जूते और ड्रेस भीग जाते हैं। कक्षा-7 की छात्रा अनन्या पांडेय और छात्र रोहित कुमार ने बताया कि अधिक पानी वाले स्थानों पर बच्चे डिवाइडर के सहारे निकलते हैं। इस दौरान फिसलकर गिरने का भी खतरा बना रहता है।
लो-लैंड पर बना विद्यालय, जलनिकासी बनी चुनौती
विद्यालय परिसर निचले क्षेत्र में होने के कारण बारिश के पानी की निकासी बड़ी चुनौती बन गई है। एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई। पानी जमा रहने से दुर्गंध के साथ मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है। सीडीओ की बैठक में बच्चों की परेशानी को देखते हुए छोटे बच्चों को 10 दिन के लिए घर भेजने का निर्णय लिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पूरन चंद्र ने बताया कि कक्षा-10 के विद्यार्थियों को परीक्षा के कारण विद्यालय में रखा गया है। जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था अभी नहीं हो सकी है।-कोट
परिसर का निरीक्षण कर स्थिति देखी गई है। पानी का स्तर कम हो रहा है और जल्द निकासी की उम्मीद है। जलनिकासी के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता से उपयुक्त उपाय सुझाने को कहा गया है।
-सचिन सिंह, सहायक श्रमायुक्त, बस्ती।