गौर। क्षेत्र के मुसहा चौराहे से बेलघाट बाजार को जोड़ने वाला मार्ग बदहाल होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
करीब चार किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कई वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कराया था। निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन और विकास की उम्मीद जगी थी लेकिन कुछ वर्षों बाद सड़क उखड़ने लगी। वर्तमान में लगभग ढाई किलोमीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन राहगीर फिसलकर घायल हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बाइक सवारों और किसानों को उठानी पड़ रही है।
भैंसा गांव के फूलचंद यादव, अतरपरी के अरविंद चौधरी, बेलघाट के रणवीर चौधरी और बौड़िहार के सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने मरम्मत न कराने पर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।