सोशल मीडिया पर पहरा, एसपी ने दी चेतावनी
बस्ती। सोशल मीडिया पर गैर जिम्मेदाराना पोस्ट अपडेट करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। छात्र नेता कबीर तिवारी हत्याकांड से जुड़े किसी भी भड़काऊ पोस्ट पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।
मंगलवार को ‘अमर उजाला’ के अंक में पृष्ठ तीन पर ‘सोशल मीडिया में उघड़ रही बखिया’ शीर्षक से छपी रिपोर्ट को संज्ञान लेते हुए एसपी हेमराज मीणा ने चेतावनी जारी की है। कहा है कि ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सअप पर भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट भेजे जा रहे हैं। यदि उन्हें 24 घंटे के भीतर नहीं हटाया गया तो धारा 144 का उल्लंघन मानते हुए आईटी एवं आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
नौ अक्तूबर को भाजपा नेता कबीर तिवारी की हत्या के बाद से ही सोशल मीडिया पर घटना को लेकर आरोप-प्रत्योराप लगाए जा रहे हैं। न केवल समर्थक या शुभचिंतक, बल्कि दूसरे तबके से भी टिप्पणी और कमेंट्स आ रहे हैं। मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला मंत्री अभिजीत सिंह एवं प्रशांत पांडेय उर्फ ‘मुन्नू’ पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित करने के बाद तो हद हो गई। धड़ाधड़ पुरानी तस्वीरें वायरल की जाने लगीं। इनमें अभिजीत व मुन्नू बड़े भाजपा नेताओं के साथ खड़ा है। इन तस्वीरों के आधार पर हत्याकांड में संलिप्तता के दावे किए जा रहे हैं, जबकि तफ्तीश कर रही पुलिस अभी दावे के साथ कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।