बस्ती। हाड़ कंपाने वाली ठंड में ट्रेनों का इंतजार यात्रियों को हिला कर रख दे रही है। स्टेशन परिसर में ठंड से बचाव के इंतजाम नहीं हैं। छह डिग्री सेल्सियस तापमान में शॉल ओढ़कर ट्रेन का इंतजार यात्रियों को अखर रहा है। ऊपर से बर्फीली हवा और परेशान कर रही है। वैशाली जैसी सुपरफास्ट ट्रेन 16.14 घंटे देर से स्टेशन पहुंच रही है।
बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन परिसर जायजा लिया गया तो अमृत भारत योजना के तहत कराए जा रहे कार्य ही दिखे। प्लेटफार्मों के सुंदरीकरण व प्लेटफार्म नंबर तीन पर यात्री छाजन का निर्माण होता मिला। इसी बीच बाघ एक्सप्रेस करीब 2.10 घंटा देर से दाेपहर 12:55 बजे प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची। इस ट्रेन से 10-15 यात्री उतरे। डिब्बों में भीड़ न के बराबर मिली। काठगोदाम से पहुंचे यात्री तहजीब ने बताया कि ट्रेन लखनऊ और गोंडा में काफी देर तक खड़ी रही। इससे बस्ती पहुंचने में देर हो गई।
महानगरों से आने वालीं अधिकतर ट्रेनें देर से ही स्टेशन पर पहुंच रही हैं। रेलवे का तर्क है कि रास्ते में कोहरा और धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित होती है। इससे ट्रेनें देर से पहुंच रही हैं। जरवल रोड जाने के लिए स्टेशन पर पहुंचे अमित मिश्र ने बताया कि ठंड में रेलवे का यह तर्क बहुत पुराना है। कड़ाके की ठंड में यात्री परेशान हो रहे हैं। इसका कोई ध्यान नहीं दे रहा है। परिसर में कम से कम अलाव का इंतजाम होना चाहिए।
गोरखधाम 8.09 घंटे देर से पहुंची
मेगा ब्लॉक खत्म होने के बाद से ही ट्रेनों के देरी से आने का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है। बृहस्पतिवार को गोरखधाम सुपरफास्ट 8.9 घंटे, कुशीनगर सुपर फास्ट 3.23 घंटे, गोरखपुर एक्सप्रेस स्पेशल 48 मिनट, साहरसा जनसाधरण 2.53 घंटे, हमसफर 1.33 घंटे, सत्याग्रह 40 मिनट, गोरखपुर राप्ती सागर 2.12 घंटे, जननायक एक्सप्रेस 2.50 घंटे देरी से पहुंची। जबकि बरौनी ग्वालियर आधा घंटा, लखनऊ एक्सप्रेस एक घंटा, इंटरसिटी 21 मिनट, राप्ती सागर 49 मिनट, आम्रपाली 17 मिनट, जम्मूतवी 2.30 घंटा देर आई।
ठिठुरन ऐसी की हाथ पांव पड़ जा रहे सुन्न
पांच दिन से जिले में सूरज के दर्शन नहीं हुए। ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। अन्य दिनों की अपेक्षा बृहस्पतिवार को दिन में ठंड अधिक रही। स्थिति यह थी कि हाथ-पांव ठंडे होकर सुन्न हो जा रहे थे। लोग जगह-जगह अलाव से ही चिपके देखे गए। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी के कारण वातावरण में नमी बढ़ी हुई है। इससे ठंड भी बढ़ रही है। अभी राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।