जिले में पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में तीन ब्लॉकों के सात जिला पंचायत सदस्य व 199 बीडीसी सदस्यों के लिए गुरुवार की सुबह सात बजे से मतदान कराने के लिए बुधवार को सुबह से ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई।
देर शाम अधिकांश बूथों पर पहुंचकर मतदान कर्मियों ने सुबह की पोलिंग के लिए तैयारी शुरू कर दी। जिले के तीन ब्लॉक बहादुरपुर, कप्तानगंज व दुबौलिया विकास खंड में कुल दो लाख 96 हजार 826 मतदाता सात जिला पंचायत व 199 बीडीसी सदस्यों के भाग्य का फैसला करेंगे।
आखिरी व चौथे चरण में कुल सात जिला पंचायत सदस्य व 199 बीडीसी सदस्यों के लिए वोट पड़ना है। इसमें कप्तानगंज विकास खंड क्षेत्र में दो जिला पंचायत व 57 बीडीसी, दुबौलिया में दो जिला पंचायत व 56 बीडीसी जबकि बहादुरपुर विकास खंड में तीन जिला पंचायत सदस्य और 86 बीडीसी सदस्यों के लिए वोट पड़ेगा।
इसके लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी बुधवार सुबह आठ बजे से संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों से शुरु हो गई। ब्लॉक मुख्यालयों पर दिन भर गाड़ियों में बैठकर पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्य को रवाना होती रहीं। कप्तानगंज, दुबौलिया व बहादुरपुर में आरओ की निगरानी में पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई।
वहीं डीएम अनिल कुमार दमेले, एसपी कृपाश्ंाकर सिंह ने ब्लॉक मुख्यालयों पर जाकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी का जायजा लिया।