छह मई को दिल्ली जाने के लिए निकले थे अमित राय
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान (बस्ती)। गोरखपुर से क्लोन एक्सप्रेस में जनरल टिकट लेकर बैठे राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबाल खिलाड़ी का बभनान-गौर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियां में शव मिला। बैग में मिले आधार कार्ड से पहचान हुई। प्रथम दृष्ट्या ट्रेन से गिरकर मौत की बात बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह रेलवे के कीमैन ने स्टेशन अधीक्षक बभनान को सूचना दी कि करीब 33 वर्षीय युवक का शव बभनान के पटेल नगर वार्ड में रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियां में पड़ा हुआ है। रेलवे के मेमो पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। शव के पास पड़े बैग की तलाशी लेने पर उसमें आधार कार्ड व बायोडाटा मिला।
ढूंढते हुए गौर थाने पर पहुंचे बिहार के छपरा जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के मासूमगंज निवासी 33 वर्षीय अमित कुमार पुत्र मदन राय के भाई नवीन राय ने बताया कि छह मई को दिल्ली जाने के लिए अमित घर से निकला। अंतिम बार उसने 8:30 बजे वीडियो कॉल कर मां कांति देवी व पत्नी रजनी से बात की थी। सात मई को सुबह से उसका फोन नहीं लगा। 10 मई को जीआरपी गोरखपुर में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया गया था।
गौर थाने पर भाई के साथ अमित का दोस्त उमाशंकर भी मौजूद था। उमाशंकर ने बताया कि उसी ने क्लोन एक्सप्रेस से जनरल टिकट लेकर बैठाया था। चौकी इंचार्ज बभनान धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि मौके पर पहुंचे परिजन ने मृतक की पहचान कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत होना प्रतीत हो रहा है।