बस्ती। पहले फेज के रिंग रोड का निर्माण चल रहा है। वहीं किसानों और ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को रिंग रोड पर मौजा नौगढ़ दुबखरा के पास बन रहे अंडरपास पर सर्विस लेन बनाने की मांग उठाई। कहा कि यदि सर्विस लेन नहीं बनाया गया तो गांव तक आना-जाना दुश्वार हो जाएगा।
जिले की बहुप्रतिक्षित परियोजना रिंग रोड के निर्माण की गति बढ़ गई है। अधिकारी भी इसमें तेजी दिखा रहे हैं। इससे इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के जल्द पूरा होने की अब और उम्मीद बढ़ गई है। इसके बनने से आवागमन जहां आरामदेय होगा, वहीं जाम का संकट भी कम होगा।
इसी बीच बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत भौसिंगपुर के प्रधान प्रेमराज और भाकियू के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मौर्य की अगुवाई में ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पहुंकर ज्ञापन साैंपा। उन्होंने मांग की कि गांव के उत्तर तरफ से रिंग रोड पास हुआ है। यहां नौगढ़ के पास अंडर पास बन रहा है, लेकिन सर्विस लेन न होने से परेशानी होगी। ऐसे में सर्विस लेन बनवाया जाए। ताकि गांव तक पहुंच आसान हो जाए।
54 गांवों से होकर गुजर रही इस रोड के निर्माण का 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह परियोजना कुल 1138.72 करोड़ की है। लेकिन, अंडरपास पर सर्विस लेन बनाना जरूरी है।
इस दौरान राम दयाल यादव, जितेंद्र कुमार, विनोद, शिवदयाल, सोनू, मोनू, तुलसीराम, रामकेस, पवन, हरीशचंद्र, प्रदुम्न, राम विलास, सुनील आदि मौजूद रहे।