जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे मरीज।
बस्ती। गर्मी बढ़ने से लोगों की हालत खराब हो रही है। ऐसे में अस्पतालों में उल्टी-दस्त, सिर में दर्द और घबराहट के मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
मरीजों को इमरजेंसी में आने के बाद वार्ड में शिफ्ट करना पड़ रहा है। जिला चिकित्सालय की ओपीडी व इमरजेंसी में प्रतिदिन उल्टी-दस्त व बीपी के करीब 250 से 300 मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को उपचार के साथ बचाव के उपाय भी बता रहे हैं।
गर्मी बढ़ने का असर लोगों की सेहत पर देखने को मिल रहा है। जिला चिकित्सालय की ओपीडी व इमरजेंसी में प्रतिदिन बच्चों से लेकर बुजुर्ग उपचार कराने के लिए आ रहे हैं। इनमें उल्टी-दस्त के अधिक, बुखार, सिर में दर्द, बेचैनी की समस्या अधिक रही। फिजीशियन डॉ. एसडी ओझा ने बताया कि अधिक गर्मी से डायरिया और दूषित खानपान से पेट रोग की समस्या बढ़ गई है। मेडिसिन विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 200 के करीब और इमरजेंसी में करीब 80 मरीज आ रहे हैं। अधिकांश के सिर में दर्द, उल्टी-दस्त, घबराहट, पसीना अधिक आना व शरीर में पानी की कमी देखने को मिलती है। इनमें अधिकांश धूप में कार्य करने वाले लोग होते हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है। ठंडा पानी पीने से गला भी खराब हो जा रहा है और फिर खांसी जकड़ रही है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 978 मरीजों को ओपीडी में परामर्श दिया गया।
बच्चे भी हो रहे बीमार : बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीएस पटेल ने बताया कि पानी कम पीने से बच्चों में बुखार की समस्या देखी जा रही है। लू लगने से वह बुखार की चपेट में आ रहे हैं। बताया कि बच्चों को बीमार होने से बचाने के लिए खुले एवं दूषित खानपान से बचें।