छावनी। स्थानीय कस्बे में फोरलेन के बदहाल सर्विस रोड पर रविवार को गड्ढों में गिट्टियां डालने के दौरान नाराज ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मरम्मत कार्य को रोक दिया। उनका कहना था कि खानापूर्ति से काम चलने वाला नहीं है। अलबत्ता सर्विस मार्ग पर नई सड़क बनाई जाए।
गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि सर्विस मार्ग काफी दिनों से खस्ताहाल हो चुका है। इस पर चलने लायक नहीं है। हाईवे के आवागमन का भी भार यहां इसी सर्विस रोड पर है। ऐसे में बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़े पैचकार्य से राह चलने लायक नहीं है। काफी दिनों से सड़क बनाए जाने की मांग उठाई जा रही है। मगर जिम्मेदार गड्ढों में गिट्टियां डलवाकर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं। इस दौरान काम रोककर लोगों ने नारेबाजी भी की।
आरोप लगाया कि बार-बार सर्विस रोड पर केवल गिट्टियां ही डाली जाती है। इसे पिच नहीं कराया जा रहा है। खस्ताहाल हो चुके सर्विस रोड पर रोजाना लंबा जाम लग रहा है। थाना परिसर के पास से सिरौली बाबू पेट्रोल पंप तक सर्विस लेन टूट कर गड्ढों में तब्दील है। बारिश के दौरान यह सर्विस मार्ग बंद कर दिया जाता है। इसके बाद वन-वे यातायात बहाल रहता है। इस मौके पर सूर्य प्रकाश सिंह, शत्रुहन सिंह, रविंद्र प्रकाश कसौधन, प्रवीण कसौधन, अरुण कुमार सोनू सिंह, हरीश मौर्या, जगतपाल आदि मौजूद रहे।