मेहरौना। लार थाना क्षेत्र के चुरियां में ग्रामीणों ने झाड़ियों में घूम रहे दो अजगर सांप को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को बोरी में भरकर इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम दोनों अजगर को अपने साथ लेकर चली गई। थाना क्षेत्र के चुरिया गांव में पिछले कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने दो अजगर सांप देखा था। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह झाड़ियों में छिप गए। उन्हें देखने के बाद से ग्रामीण भयभीत थे और उनकी तलाश भी कर रहे थे। इसी बीच रविवार को फिर से ग्रामीणों ने दोनों अजगर को गांव के ही पास एक बांस की झाड़ियों में देखा और पकड़ने की जुगत में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों अजगर सांपों को पकड लिया और दो अलग-अलग प्लास्टिक की बोरी में भरकर इसकी जानकारी वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम दोनों अजगर को अपने साथ लेकर चली गई।