कप्तानगंज थाने पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे एक गांव के लोग। संवाद
एसएचओ के कार्रवाई का भरोसा देने पर मान गए ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। थाना क्षेत्र के एक गांव की एक महीने से लापता छात्रा की बरामदगी और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को कप्तानगंज थाने पर प्रदर्शन किया । एसएचओ ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा देकर ग्रामीणों को शांंत कराया।
कप्तानगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा को उसका पड़ोसी युवक 27 अप्रैल की देर रात भगा ले गया। इसी बीच पीड़ित परिवार को पता चला कि जिस दिन छात्रा गायब हुई है, उसी दिन से पड़ोसी युवक घर से फरार है। छात्रा के पिता ने पड़ोसी युवक सहित चार लोगो पर केस दर्ज कराया। एक माह बीत जाने के बाद भी कप्तानगंज पुलिस युवक और छात्रा को खोज नहीं पाई। पुलिसिया कार्रवाई से नाराज परिजन रविवार सुबह 10 बजे ग्रामीणों के साथ कप्तानगंज थाने पर पहुंच गए और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।
छात्रा के परिजनों का आरोप हैं कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। इससे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही हैं और न ही छात्रा बरामद हो पा रही हैं। एसएचओ दीपक कुमार दुबे ने परिजनों को एक सप्ताह के अंदर छात्रा की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण संतुष्ट होकरलौट गए। एसएचओ दीपक कुमार दुबे ने ग्रामीणों के थाने पर आने की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।