नगर पालिका से संबंधित ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण की हुई समीक्षा
नगर विकास मंत्री के कार्यकारी अधिकारी ने की समीक्षा, ईओ ने दिए जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर पालिका परिषद कार्यालय में सोमवार को नगर विकास मंत्री के कार्यकारी अधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण की ऑनलाइन समीक्षा की। इस दौरान नरहरिया वार्ड में सफाई न होने के मुद्दे पर नगर पालिका की तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका। बाद में यहां के शिकायतकर्ता प्रमोद कन्नौजिया को भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मुख्यालय से जोड़ा गया।
उन्होंने वार्ड में नियमित सफाई न होने का जवाब दिया। प्रभारी ईओ/एसडीएम सुनिष्ठा सिंह ने कूड़ा वाहन खराब होने की दलील दी। कहा कि कूड़ा वाहन खराब है। मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था सुचारू कर ली जाएगी। इस माह कुल पांच मामले आए थे। सभी का निस्तारण कराया जा रहा है। लंबित मामलों में कार्यकारी अधिकारी ने जवाब सवाल किया। उन्होंने त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
ईओ ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान रोजाना मामलों की सुनवाई की जा रही है। ऑन और ऑफलाइन शिकायतों में अधिकतर सफाई के मामले आ रहे हैं। इसके बाद कार्यकारी अधिकारी ने पेयजल, प्रकाश, नाली, सड़क आदि से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। इस दौरान डॉ. उदयभान, गिरीश सिंह आदि मौजूद रहे।