बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। परिषद की ओर से जिले में 135 केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है। अब इसमें कोई फेरबदल नहीं होना है। विभाग निर्धारित सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराना शुरू कर दिया है। इन केंद्रों पर परिषद के मानक के हिसाब से सभी सुविधाएं अनिवार्य रूप से बहाल कराई जाएंगी। सत्यापन का कार्य इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा।
डीआईओएस संजय सिंह ने निर्देश दिए हैं कि विभागीय टीम परीक्षा केंद्रों का सत्यापन करेगी। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, पृथक प्रशासनिक कक्ष, परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था, वाईफाई की सुविधा आदि प्रमुख बिंदुओं का सत्यापन किया जाएगा। यदि इसमें किसी तरह की कमी पाई जाएगी तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा। यही नहीं सभी केंद्र व्यवस्थापकों से मानक पूरा होने संबंधी शपथ पत्र भी लिया जाएगा। ताकि परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी आने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापक को जिम्मेदार ठहराए जा सके। सभी केंद्रों पर परीक्षा के दौरान वाईफाई एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहेगी। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। नवंबर महीने के अंत तक सभी केंद्रों के सत्यापन का कार्य पूरा हो जाएगा।
कंट्रोल रूम की होगी स्थापना
माध्यमिक शिक्षा विभाग में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। सभी 135 केंद्रों को कंट्रोल रूम से लाइव जोड़ा जाएगा। इसके लिए हाई सिक्योरिटी की सुविधा से लैस कंप्यूटर लगाए जाएंगे। एक कंप्यूटर से पांच से छह केंद्र लाइव जुड़े रहेंगे। परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम प्रभारी और उनकी पूरी टीम केंद्रों की लाइव निगरानी करेगी। यदि किसी केंद्र पर कोई आपत्तिजनक स्थिति पाई जाएगी तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट को देकर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कोट :::परीक्षा केंद्रों का निर्धारण अंतिम रूप से किया जा चुका है। जिले में कुल 135 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। इनके सत्यापन का कार्य शुरू करा दिया गया है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी दी गई हैं कि वह समय रहते परिषद के मानकों को हर हाल में पूरा कर लें। -संजय सिंह, डीआईओएस।