बस्ती। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को हाईवे किनारे स्थित सब्जी मंडी में छापा मारा। इस दौरान एक सब्जी कारोबारी को परवल कलर करते पकड़ा गया। टीम ने जांच के लिए परवल का नमूना सुरक्षित किया। जबकि मौके पर बरामद 50 किलोग्राम कलरयुक्त परवल को तत्काल नष्ट कराया गया। इस दौरान मंडी परिसर में अफरातफरी मची रही।
सहायक आयुक्त खाद्य डा. शशि पांडेय एवं अभिहित अधिकारी अपूर्व श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभागीय टीम अचानक मंडी परिसर में पहुंची। यहां खाद्य पदार्थों की जांच शुरू कर दी गई। पूरे मंडी में हलचल बढ़ गई। इसी बीच एक सब्जी कारोबारी को परवल कलर करते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कारोबारी की पहचान पट्टू के रूप में की गई है। टीम ने उसके पास से बरामद कलरयुक्त 50 किलोग्राम परवल नष्ट करा दिया। जांच के लिए नमूना भी लिया। सहायक आयुक्त ने हिदायत दी कि मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री नहीं होनी चाहिए। यह सेहत के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मातहतों को निर्देशित किया कि नियमित जांच कर मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह, भानुप्रताप सिंह, दिनेश चौधरी मौजूद रहे।