बस्ती। जनपद के स्थापना दिवस पर विविध कार्यक्रम होंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को इसकी जानकारी कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने दी। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजक मंडल की बैठक हुई। बताया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पांच, छह व सात मई को वशिष्ठ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता सहित जनपद स्तरीय बालक बालिका सीनियर आयु वर्ग में वॉलीबॉल, हैंडबॉल तथा कबड्डी का आयोजन होना है। कार्यक्रम में जनपद के लगभग 700 और प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 1000 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। छह मई को स्टेडियम से शास्त्री चौक, महाराणा प्रताप तिराहा, गुरु गोविंद सिंह चौक, महर्षि वशिष्ठ यात्रा निकाली जाएगी। प्रत्येक दिवस सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी होगा जिसमें जनपद सहित प्रदेश के अनेक कलाकार आएंगे। गैर जनपद से आने वाले खिलाड़ियों और कलाकारों के रहने, भोजन आदि की समीक्षा की गई।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार, प्रभाकर ओझा, अमित यादव, राम सिंह, विवेक श्रीवास्तव, रमेश चंद्र गुप्ता, मयंक श्रीवास्तव, प्रदीप पांडेय, राकेश पांडेय, रणधीर सिंह, रंजीत सिंह, स्वाति गौड़, पंकज चौधरी, चंद्रमणि मिश्र, राजेश कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे। संवाद