जीआरएस इंटर काॅलेज में बोर्ड के काॅपियों का मूल्यांकन करते शिक्षक।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में तेजी आ रही है। बहिष्कार वापसी के बाद जांच की गति बढ़ने से समय से मूल्यांकन पूरा होने की संभावना है। हालांकि इंटर फिजिक्स की कापियों के मूल्यांकन की समस्या जस की तस है। इस विषय के परीक्षक न मिलने से मूल्यांकन कार्य चुनौती है। अभी भी भौतिक विज्ञान के 50 परीक्षक कम हैं। हाईस्कूल की सक्सेरिया में कला और श्रीकृष्ण इंटर कालेज में चल रहे संस्कृत और उर्दू का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। जीआईसी में व्यावसायिक विषय का मूल्यांकन चुका है। अब तक 41 प्रतिशत कापियों की जांच हो चुकी है। बोर्ड ने मूल्यांकन की समय सीमा 13 अप्रैल तक निर्धारित की है।
बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन शहर के चार केंद्रों पर 30 मार्च से चल रहा है। इनमें दो इंटर और दो हाईस्कूल के हैं। बहिष्कार के चलते तीन दिन मूल्यांकन बाधित रहा। अब तक आठ लाख 48 हजार 018 कापियों में से तीन लाख 50 हजार 753 कापियों का मूल्यांकन हो चुका है। इस तरह 41 प्रतिशत कापियां जांची जा चुकी हैं। अवशेष सात दिन में 59 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य का पूरा होना है। राजकीय इंटर कालेज में इंटर के फजिक्स विषय के कापियों का मूल्यांकन कार्य आठवें दिन भी रफ्तार नहीं पकड़ सका है। 100 परीक्षकों में से मात्र 46 परीक्षक ही मिल सके हैं। आठ दिन में मात्र 21 प्रतिशत ही मूल्यांकन हो सका है। 53 हजार कापियों में से मात्र 11000 कापियां जांची जा सकी हैं।
बुधवार को सक्सेरिया में 10578,जीआईसी में 22992 और जीजीआईसी में 17870 कापियों की जांच हुई। श्रीकृष्ण इंटर में 11000 कापियां का मूल्यांकन हुआ। अब तक सक्सेरिया में 41129, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कालेज में 62000, राजकीय इंटर कालेज में 117846 और राजकीय गर्ल्स इंटर कालेज में 129778 कापियां जांची जा चुकी हैं।