बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के थाल्हापार के निकट पुलिया के पास 26 अक्तूबर की रात में मारपीट में घायल युवक की मंगलवार की रात मौत हो गई। यह खबर मिलते ही ग्रामीण सड़क पर आ गए। ग्रामीणों ने बनकटी-अहरा मार्ग जाम कर दिया। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर करीब ढाई घंटे बाद यातायात बहाल हुआ।
थाल्हापार निवासी राम बहाल ने दर्ज एफआईआर में बताया है कि उनका बेटा जन्मेजय (38) 26 अक्तूबर की रात आठ बजे ससुराल से घर लौट रहा था। गांव के निकट पुलिया के पास गांव का एक व्यक्ति, उसकी मां और दो बहनें ठेले पर ईंट लादकर ले जा रहे थे। उन लोगों ने उसे जबरन रोककर ठेला धकेलने के लिए कहा। उसने मना किया तो उसे जातिसूचक गाली देते हुए डंडा, ईंट, लात-घूंसे व कुदाल के पासे से मारकर मरणासन्न कर दिया गया।
सिर पर गहरी चोट से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। जब वह मौके पर पहुंचे तो हमलावर घायल जन्मेजय को अस्पताल ले जाने से रोकने लगे। ग्रामीणों के एकत्र होने के बाद परिवार वाले उसे पीएचसी बनकटी ले गए। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत बिगड़ती देख जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दूसरे दिन उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए भेज दिया गया। लखनऊ ले जाते समय मंगलवार की रात रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बुधवार सुबह जानकारी होते ही लोग उग्र हो गए। ग्रामीणों ने सड़क पर बांस और लकड़ी रखकर रास्ता जाम कर दिया। एएसपी श्यामकांत, एडीएम ज्ञानचंद्र गुप्ता, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार के अलावा कई थानों की फोर्स बुलाई गई। ग्रामीणों को मनाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
अधिकारियों के ठोस कार्रवाई के आश्वासन पर करीब ढाई घंटे बाद ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान सीओ कलवारी, सीओ रुधौली, सीओ हर्रैया व सीओ ट्रैफिक के अलावा मुंडेरवा, सोनहा, कलवारी, हर्रैया, दुबौलिया, वॉल्टरगंज, पुरानी बस्ती, कप्तानगंज, गौर, कोतवाली व महिला थाने की पुलिस टीम भी मौजूद रही।य
थाल्हापार गांव में युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजन। संवाद