दो राजकीय पॉलिटेक्निक में करीब 900 सीटें, मार्च में होगी प्रवेश परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राजकीय और निजी पॉलिटेक्निक में शैक्षिक सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 29 फरवरी तक होंगे। जिले में दो राजकीय पॉलिटेक्निक हैं। प्रत्येक में छह ट्रेडों में 450-450 सीटें हैं। मार्च में प्रवेश परीक्षा होगी।
प्रधानाचार्य एमएम सलीम ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक छबिलहाखोर में मकैनिकल इंजीनियरिंग प्रोडक्शन, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रिनिक्स इंजीनियरिंग और टेक्सटाइल डिजाइन प्रोडक्शन ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। सभी ट्रेडों में 75-75 सीटें हैं। इसी प्रकार, बस्ती पॉलिटेक्निक में मकैनिकल इंजीनियरिंग प्रोडक्शन, सिविल इंजीनियरिंग व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता हाईस्कूल है। हाईस्कूल अथवा आईटीआई उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया जाएगा। जबकि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को द्वितीय वर्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शासन से जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क 200 और अन्य के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। इस बार अभ्यर्थियों को आवेदन के समय नहीं, बल्कि प्रवेश काउंसिलिंग के समय कॉलेजों की पसंद देनी होगी। सरकारी संस्थानों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को 3,250 रुपये जमा करने पड़ेंगे। प्रवेश परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। मई-जून में काउंसिलिंग कराने की तैयारी है।