बस्ती जिले के नगर पालिका सहित 10 नगर निकायों की मतगणना निर्धारित समय से करीब 40 मिनट देर से शुरू हुई। पोस्टल बैलट की गिनती में सपा की नेहा वर्मा सबसे आगे हैं। उन्हें 17 मत, भाजपा की सीमा खरे और भाजपा के बागी निर्दल उम्मीदवार नेहा शुक्ला को चार-चार और आम आदमी पार्टी की शालू राजपाल को एक मत मिला।
शहर के किसान पीजी कालेज, हर्रैया के नेशनल इंटर कालेज और रुधौली तहसील में मतगणना हो रही है। सभी जगह अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए मतपेटियां टेबल पर आ चुकी हैं। चुनाव चिन्हवार पहले मतों की गड्डियां बनाई जा रही हैं। जिसके बाद उनकी गणना की जाएगी। परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी सहित अन्य अधिकारी मतगणना स्थलों पर भ्रमण कर जायजा ले रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब एक घंटे बाद पहली रुझान आनी शुरू हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर निकाय चुनाव मतगणना में भाजपा आगे, यहां मिलेगी पल-पल की अपडेट
बता दें कि यहां नगर पलिका बस्ती के अलावा नगर पंचायत नगर, गायघाट, बनकटी, गनेशपुर, मुंडेरवा की गणना किसान पीजी कालेज में, कप्तानगंज,हर्रैया और बभनान की गणना हर्रैया नेशनल इंटर कालेज और रुधौली नगर पंचायत के मतों की गणना रुधौली तहसील में की जा रही है।