केवटली के प्रबंध सहित तीन पर मुकदमा
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के राकेश कुमार मिश्रा मीरा देवी इंटर कालेज केवटली के स्टेटिक मजिस्ट्रेट सुरेंद्र नाथ चौधरी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा व नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार ने 29 फरवरी को परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां पिछले दिनों हुई बोर्ड परीक्षा के दौरान के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसमें सामूहिक नकल की पुष्टि हुई थी। वही विद्यालय प्रबंधन पर परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट व लेखपाल के पर्यवेक्षण कार्य में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है। इससे पहले भी 24 फरवरी को द्वितीय पाली में इसी विद्यालय में केन्द्र व्यवस्थापक व परीक्षा प्रभारी की लापरवाही से तीन मार्च को द्वितीय पाली मे होनी वाली अर्थशास्त्र वाणिज्यिक का पेपर का पैकेट खोल दिया गया था। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान मे आने पर डीआईओएस डॉ. बृज भूषण मौर्य की तहरीर पर केन्द्र व्यवस्थापक एवं परीक्षा प्रभारी सहित पांच लोगों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। शनिवार की देर रात स्टेटिक मजिस्ट्रेट सुरेन्द्र नाथ चौधरी की तहरीर पर दुबौलिया पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक अंजनी पांडेय, सह केंद्र व्यवस्थापक अनिरुद्ध दूबे व प्रबंधक राकेश मिश्रा के विरुद्ध सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।