बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची जारी होने का इंतजार दिन भर किया गया। देर शाम विभागीय वेबसाइट पर अंतिम सूची जारी होते ही विद्यालय संचालकों में कौतूहल बढ़ गया। इस बार केंद्रों की संख्या 127 से बढ़ाकर 135 कर दी गई है।
पहली बार में जिले में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 75 हजार विद्यार्थियों के लिए कुल 127 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की गई थी। इसके बाद 97 आपत्तियां प्राप्त हुई थी। इसमें 45 विद्यालयों की तरफ से परीक्षा केंद्र बनाए जाने की दोबारा पहल की गई थी। जिला स्तरीय समिति ने सुनवाई के बाद आपत्तियों का निस्तारण करके ऑनलाइन रिपोर्ट परिषद को प्रेषित कर दिया था। संभावना जताई जा रही थी कि कई केंद्रों में फेरबदल हो सकता है।
परिषद की ओर से पहली सूची में शामिल केवल छह केंद्रों को निरस्त करके उनकी जगह पर नए विद्यालयों को केंद्र बना दिया गया है। निरस्त होने वाले परीक्षा केंद्रों में चार राजकीय और दो वित्तविहीन विद्यालय शामिल है। जाे विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, उनमें राजकीय इंटर काॅलेज बस्ती, राजकीय इंटर काॅलेज कूरहा पट्टी, पिपरहिया, कलवारी एहतमाली और हर्रैया के वित्तविहीन स्कूल ओम शिव पांडेय इंटर कॉलेज और हाजी आमीन इंटर कॉलेज शामिल हैं। इसके अलावा आठ केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
इस तरह दूसरी सूची में 14 विद्यालयों को नए सिरे से परीक्षा केंद्र बनने में सफलता मिली है। डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी हो चुकी है।
अब प्रशासन की ओर से प्रत्येक परीक्षा केंद्र का अंतिम रूप से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। यदि कहीं कोई कमी पाई जाएगी तो उसे समय रहते दुरुस्त करा दिया जाएगा। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापक भी जिम्मेदार बनाए गए हैं। मानक के विपरीत व्यवस्था होने पर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।