नगर बाजार (बस्ती)। बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। जिले के कई इलाकों में हुई बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पानी भर जाने से फसल सड़ने और दाने काले पड़ने का खतरा मंडरा रहा है।
धान कटाई का समय शुरू हो चुका था, लेकिन अचानक हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। जिन खेतों में कटाई शुरू हो चुकी थी, वहां पौधे गिर जाने से कटाई मुश्किल हो गई है। इससे न केवल लागत बढ़ेगी, बल्कि उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।
किसान रामकरन चौधरी, सुंदरलाल यादव, लालदेव यादव, शिवयज्ञ दूबे, मनोज दूबे, जमील अहमद और अरबाज ने बताया कि कटाई की पूरी तैयारी हो चुकी थी, लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश से फसल खेतों में गिर गई। जो धान कटकर खेत में रखा था, वह भी इस बारिश से सड़ने की स्थिति में पहुंच गया है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि नमी बढ़ने से धान की गुणवत्ता घट सकती है, इसलिए किसानों को सलाह है कि वे जलभराव वाले खेतों से पानी तुरंत निकालें और कटी फसल को सुखाने की व्यवस्था करें।