परिजन बोले- दांत दर्द की दवा लेने की बात कह घर से निकली थी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गंगिया कोहल (बलुआ) गांव के दक्षिण खेत में मंगलवार को मिले शव की शिनाख्त नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर निवासी रंगीता गौतम के रूप में हुई। उसके परिवार के लोगों ने इसकी पहचान की।
रंगीता के परिजनों ने बताया कि उसे बचपन से झटके आने की बीमारी थी। 18 जुलाई की शाम को वह घर से यह कहकर निकली कि दांत दर्द का दवा लेने जा रही है। गांव के बाहर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर गई थी। वहां से वह ऑटो पकड़कर फुटहिया चौराहे पर चली गई। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार को परिजनों को सूचना मिली कि लालगंज थाना क्षेत्र के गंगिया कोहल (बलुआ) के पास एक खेत में युवती का शव मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रंगीता सात भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता राजाराम की मौत दो वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में हो गई थी। घर में भाई रामरक्षा,अमरपाल व बहनें गीता, रीता, विनीता व जुड़वा बहनें रंगीता व संगीत हैं। अब रंगीता की मौत हो चुकी है।