अंगूठा लगवाने के बाद भी अनाज न देने का था आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कुदरहा। ग्राम पंचायत उजियानपुर में उचितदर विक्रेता की दुकान को सदर एसडीएम शत्रुहन पाठक ने निरस्त कर दिया है। कोटेदार राम सजीवन पर आरोप है कि अक्तूबर माह में 70 कार्ड धारकों से अंगूठा लगवाने के बाद भी अनाज नहीं दिया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसडीएम ने दुकान निरस्त कर दिया है।
पंचायत के शंकरपुर निवासी सुनील कुमार ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की थी। उन्होंने कोटेदार पर आरोप लगाया था कि अक्तूबर 2023 में अंगूठा लगवाने के बाद अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को अनाज नहीं दिया। मामले की जांच पूर्ति निरीक्षक ने की तो आरोपों की पुष्टि हुई। कोटेदार ने साक्ष्य स्वरूप 13 कार्ड धारकों का बयान नोटरी शपथपत्र के माध्यम से प्रस्तुत किया। मगर, 57 कार्ड धारकों के संबंध में कोटेदार कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाए। एसडीएम ने बताया कि जांच में आरोपों की पुष्टि हुई है। लिहाजा, दुकान को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।