बडेवन फ्लाई ओवर के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। कोतवाली क्षेत्र के बडेवन फ्लाई ओवर के पास सोमवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के बडेवन फ्लाई ओवर के पास गोरखपुर से आ रहे ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दिया। इससे बुलेट अनियंत्रित होकर बगल के दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर डिवाइडर से टकराकर गिर पड़े। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया।
हादसे में बुलेट सवार विनीत कुमार मिश्रा (25) पुत्र इन्द्रमणि मिश्रा निवासी दुधौरा थाना कप्तानगंज बस्ती और दूसरी बाइक सवार की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना पर पहुंचे एनएचएआई के मुकेश सिंह और शेषपाल चौधरी की टीम ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में विनीत मिश्रा की हालत नाजुक होने के कारण डाॅक्टरों ने उसे मेडिकल काॅलेज लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने हादसे की सूचनउ विनीत के घरवालों को दे दी है। संवाद