पांच एएनएम का उपस्थित पंजिका में नहीं मिला हस्ताक्षर, स्पष्टीकरण तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए पीएचसी व सीएचसी पर निरीक्षण जारी है। शनिवार को सीएमओ डॉ. आरएस दुबे ने तीन पीएचसी का निरीक्षण किया। पीएचसी बरदहिया में डॉक्टर नहीं मिले। सीएमओ ने बताया कि डॉक्टर अवकाश पर हैं। वह रविवार को आरोग्य मेला में ड्यूटी करेंगे। निरीक्षण में ओडवारा पीएचसी पर स्वास्थ्य कर्मी आरती सिंह व सत्य प्रकाश अनुपस्थित पाए गए। इनका एक दिन का वेतन रोक दिया गया है।
सीएमओ दोपहर करीब 12 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओडवारा पहुंचे। यहां उन्होंने सफाई व अस्पताल से लोगों को मिलने वाली सुविधाओं पर नजर घुमाई। यहां सफाई आदि ठीक पाई गई। दोपहर तक 12 ओपीडी हुई थी। यहां से निकलने के बाद सीएमओ 12:30 बजे बरदहिया स्थित केंद पर पहुंचे। यहां एएनएम दीप्ति सिंह, पुष्पा यादव, सुधा, रिया शर्मा, प्रतिमा सिंह मौजूद थीं, मगर उपस्थिति पंजिका में इन लोगों ने हस्ताक्षर नहीं किए किए थे। इनसे सीएमओ ने स्पष्टीकरण तलब किया है।
केंद्र पर 18 मरीज देखे गए थे। यहां से निकलने के बाद सीएमओ पीएचसी नरहरिया पहुंचे। जहां सभी कर्मी व चिकित्सक मौजूद मिले। यहां दोपहर 1:30 बजे तक 23 ओपीडी की गई थी। सीएमओ ने कहा कि ड्यूटी के प्रति लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की जा रही है। सभी को चेतावनी दी गई है कि वह समय पर अस्पताल पहुंचे, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिल सके।