महराजगंज। हाईवे पर खराब वाहन को हटाने के बदले भी रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत स्थित पटखापुर के पास रविवार देर रात खराब हुए राजस्थान के ट्राला को हटाने पहुंची पेट्रोलिंग टीम पर चालक ने दो हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। चालक ने इसका वीडियो जारी किया है। वैसे, संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो सामने आने के बाद आईआरबी (आइडियल रोड बिल्डर) प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
चालक केशव कुमार यादव के मुताबिक, अरविंद पैलेस होटल के सामने हाईवे पर उसका ट्राला खराब हो गया था। मदद के लिए उसने एनएचएआई की हेल्पलाइन 1033 पर फोन किया। काफी देर बाद पेट्रोलिंग टीम क्रेन लेकर मौके पर पहुंची। आरोप है कि टीम के कर्मियों ने ट्राला हटाने के बदले उससे दो हजार रुपये ले लिए। चालक ने वीडियो में इस पूरी घटना का जिक्र करते हुए पेट्रोलिंग टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। आईआरबी के पेट्रोलिंग मैनेजर अश्वनी तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संबंधित विभाग को नोटिस जारी किया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।