दुबौलिया। अलग-अलग गांवों की दो किशोरियां एक साथ रहने पर अड़ी हुई हैं। परिजनों के समझाने-बुझाने पर भी नहीं मान रही हैं। पुलिस ने दोनों को थाने से समझा-बुझाकर कर परिजनों के पास भेज दिया। हालांकि, चर्चा है की इससे पहले भी इन्हीं दोनों किशोरियाें का मामला कप्तानगंज थाने पर पहुंचा था।
दुबौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय और कप्तानगंज थाना क्षेत्र की चौदह वर्षीय किशोरी एक साथ रहने और शादी करने पर अड़ी हुई हैं। दोनों किशोरियों की मुलाकात दिल्ली में हुई थी। परिजनों के साथ पड़ोस में रहने के दौरान एक-दूसरे की जान पहचान हुई थी। कुछ माह पूर्व दोनों अपने-अपने घर चली आईं। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही। इसी बीच दोनों एक साथ रहने और शादी करने की जिद करने लगीं। परिजनों के लाख समझाने पर दोनों मानने को तैयार नहीं हुई। इसी बीच मामला बढ़ता देख दोनों के परिजन दुबौलिया थाने पहुंचे जहां पर दुबौलिया पुलिस ने दोनों किशोरियों को काफी समझा बुझाकर कर दोनों को परिजनों के पास भेज दिया। हालांकि दो तीन माह पहले भी दोनों के परिजन कप्तानगंज थाने पर भी पहुंचे थे। जहां पर दोनों को समझाया बुझाया गया था। इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला थाने पर आया था। दोनों नाबालिग हैं। समझा-बुझाकर कर दोनों को उनके परिजनों के पास भेज दिया गया है।