बिजली गिरने से दो किशोरियों की मौत, महिला झुलसी
बस्ती। दस्तक दे चुके मानसून का असर रविवार को दिखा। शहर से ग्रामीण इलाकों तक में दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश के दौरान वाल्टरगंज में बिजली गिरने से दो किशोरियों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं, जगह-जगह जलभराव भी हो गया है। कई जगह नाले उफनकर सड़क पर बहने लगे।
पैकोलिया प्रतिनिधि के अनुसार, बिजली गिरने से वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के संसारपुर गांव की दो किशोरियों की मौत हो गई। वहां की 17 वर्षीय चांदनी अपनी हमउम्र सहेली सरिता के साथ गांव के उत्तर खेत में गई थीं। करीब चार बजे एकाएक तेज गरज के साथ बिजली गिरी। उसकी चपेट में आई दोनों किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई। बगल में मौजूद 55 वर्षीय जुगुरा नाम की महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय विद्यालय कंपोजिट पकड़ी चौहान में बिजली गिरने से विद्यालय में लगा विद्युत उपकरण खराब हो गया। प्रधानाध्यापक अनवर अली ने बताया की सोमवार को करीब डेढ़ बजे विद्यालय के छत पर अचानक बिजली गिरी। गांव वालों की सूचना पर विद्यालय पहुंचने पर देखा तो विद्यालय के कमरे में लगे आठ पंखे, मोटर, कमरों में लगे वायरिंग के तार, बोर्ड जल कर खराब हो गए। वहीं दो कमरों की छत में दरार आ गई।