बस्ती। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर कलवारी थाना के अंतर्गत सरयू नदी के माझा खुर्द घाट पर रविवार की सुबह स्नान करते समय दो किशोरियां डूब गईं। आसपास के लोग उन्हें बाहर निकाल कर अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कलवारी थानाक्षेत्र के भंगुरा गांव के राकेश अपनी भतीजी शिव कुमारी (12) पुत्री स्व. प्रमोद कुमार अग्रहरि, उसकी सहेली नैना (13) पुत्री अनिल कुमार अग्रहरि व अन्य लोगों के साथ ज्येष्ठ पूर्णिमा पर सरयू स्नान करने माझा खुर्द स्थित सरयू घाट पर गए थे। बताया जाता है कि पानी के भीतर पत्थर हैं, जिनके ऊपर से पांव फिसलने की वजह से दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। दोनों पर राकेश की नजर जब तक पड़ी, तब तक वे पानी में लापता हो गईं। राकेश के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोर व नाविक तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद दोनों किशोरियों को नदी से बाहर निकाला गया। हालत गंभीर देख मौके पर स्नान करने आए समाजसेवी डॉक्टर प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने इसकी सूचना एंबुलेंस व माझा खुर्द चौकी इंचार्ज को दी। एंबुलेंस से दोनों को कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर लाया गया। वहां डॉक्टर विनोद कुमार ने नैना और शिव कुमारी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
नैना की फाइल फोटो।
नैना की फाइल फोटो।