बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम बेमहरी के खूनी टोला में हुए तांत्रिक हत्याकांड से पुलिस ने 17 दिन बाद पर्दा उठा दिया। पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक के पैर में गोली लगी है। जबकि दो अन्य आरोपी पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का दावा है कि तांत्रिक रामजीत (58) की हत्या आशनाई में की गई थी। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी लवकुश उर्फ लालचंद ने पूछताछ में बताया कि तांत्रिक पहले उसकी बड़ी बहन पर गलत नजर रखता था। उसकी शादी के बाद छोटी बहन पर गलत नजर रखने लगा था।
पुलिस ने तांत्रिक की हत्या के आरोप में खदरा उपाध्याय थाना दुबौलिया निवासी लवकुश ऊर्फ लालचंद व इसी थाना क्षेत्र के लारा निवासी सजरे आलम को घोसियापुर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 32 बोर का अवैध असलहा, कारतूस, बाइक और 2280 रुपये बरामद हुए हैं। इस कार्रवाई को दुबौलिया, कलवारी थाने की पुलिस और एसओपी ने अंजाम दिया है।
पुलिस लाइंस सभागार में तांत्रिक हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एसपी अभिनंदन ने बताया कि तांत्रिक की हत्या 26 दिसंबर 2025 की रात उसके घर पर बरामदे में सोते समय मुंह से असलहा सटाकर गोली मारकर की गई थी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी लवकुश उर्फ लालचंद ने बताया कि उसकी बड़ी बहन को सफेद दाग था। तांत्रिक रामजीत को इलाज के लिए दो-तीन साल पहले दिखाया था। झाड़-फूंक के दौरान तांत्रिक ने बड़ी बहन के प्रति गलत नीयत रखते हुए अपने वश में कर लिया और गंदी हरकत था।
पुलिस के अनुसार, तांत्रिक की हरकतों को तंग आकर आरोपी लवकुश ने अपनी बड़ी बहन की शादी कर दी थी। छह महीने पहले उसकी छोड़ी बहन बीमार रहने लगी थी। उसका भी घर वालों ने तांत्रिक रामजीत से झाड़-फूंक करा रहे थे। तांत्रिक उसकी छोटी बहन पर भी गलत नजर रखने लगा था। आरोपी लवकुश को लगा कि परिवार के लोगों को तांत्रिक ने अपने वश में कर उल्टी-सीधी हरकत करता है।
पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपी लवकुश ने योजना बनाकर विवेक चौधरी, सजरे आलम, अरुण कुमार से संपर्क कर सुपारी के रूप में एक लाख रुपये तय कर 26 दिसंबर को लवकुश अकेले बाइक से और विवेक, सजरे आलम, अरुण कुमार दूसरी बाइक से शाम करीब छह बजे तांत्रिक के घर पहुंचे। तांत्रिक घर के बरामदे में सो रहा था। आरोपी बगल में जली रही आग के पास बैठक कर हाथ सेंक कर अगल-बगल रेकी करने लगे। पुलिस के अनुसार, आरोपी दोबारा करीब दो से ढाई घंटे बाद तांत्रिक के घर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, तांत्रिक बरामदे में अपने बिस्तर पर सो रहा था। सुनसान पाकर आरोपी लवकुश ने तांत्रिक की रजाई हटाकर मुंह देखकर इत्मिनान हो गया। इसके बाद सुपारी किलर विवेक, सजरे आलम, अरुण कुमार को हत्या करने के लिए बुलाया और बगल में खड़ा हो गया। बताने पर विवेक, अरुण कुमार अगल-बगल खड़े हो गए और सजरे आलम ने असलहे से गोली मारकर तांत्रिक की हत्या कर दी। इसके बाद सभी आरोपी भाग गए।