बस्ती। जिला महिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को रात की ड्यूटी को लेकर दो स्टाफ नर्सों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर एक नर्स ने चप्पल तक निकाल ली। इससे घबराई दूसरी नर्स सीएमएस के पास पहुंच गई। बाद में सीएमएस ने दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, अगले माह से दोनों स्टाफ नर्सों की रात में ड्यूटी लगनी थी। इनमें से एक नर्स दूसरी के साथ ड्यूटी नहीं करना चाहती थी। इसी को लेकर वह चर्चा कर रही थी। दूसरी नर्स ने उसकी बातें सुन ली। इसके बाद दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक नर्स ने चप्पल निकाल ली। दूसरी नर्स भागकर सीएमएस के पास पहुंची और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। अस्पताल में दो स्टाफ नर्सों के बीच विवाद होने से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि दोनों नर्सों को समझा दिया गया है। आपस में कुछ मनमुटाव था, जिसको लेकर विवाद हुआ था।