महादेवा। लालगंज थाने में तैनात दो सिपाही रविवार की देर शाम सड़क हादसे में घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मी पीजीटी परीक्षा ड्यूटी संपन्न करवाकर थाने लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार की देर शाम सिपाही लक्ष्मण और सुनील बाइक से लौट रहे थे, जैसे ही वह पंखोबारी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने चल रही अनियंत्रित साइकिल अचानक मुड़ जाने से उन्हें बचाने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। जिस कारण हादसे में दोनों सिपाहियों को चोटें आईं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लालगंज विनय पाठक मौके पर पहुंचे और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को अपनी सरकारी गाड़ी से जिला चिकित्सालय बस्ती पहुंचाया, वहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और घायल सिपाहियों का हालचाल जाना। संवाद