छावनी बस्ती। थाने की पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सोमवार को सरगना सहित दो पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक पिकअप में लदे पांच पशुओं को मुक्त करा दिया है।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पशुओं से लदा पिकअप फोरलेन से होकर जाने वाला है। सर्विलांस सेल और एसओजी टीम के साथ थाने की टीम लेकर एसओ ने जांच शुरू की। बताया कि थाना क्षेत्र के खतमसराय गांव के पास हाईवे कट से गौरियानयन मार्ग पर बंधे के पास भोर में संदिग्ध पिकअप मिली। गाड़ी को घेरकर रोका गया तो उसमें दो पशु तस्कर इबरार उर्फ अबरार निवासी बंजरिया थाना बखिरा जिला संतकबीरनगर व राकेश सोनकर निवासी रेहरवा संजय कॉलोनी थाना पुरानी बस्ती बैठे थे। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें पांच गोवंशीय पशु मिले। अंधेरे का फायदा उठाकर एक व्यक्ति भागने में सफल हो गया। पशुओं का चिकित्सकीय परीक्षण व इलाज के बाद उचित देखभाल के लिए उन्हें गोशाला में भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों पर गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भिजवा दिया गया।