यूपी बोर्ड : नकल के आरोप में दो विद्यालय डिबार
बस्ती। यूपी बोर्ड वर्ष 2020 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी शुरू होंगी। जिसके लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कर दिया गया। जिले के दो केंद्रों को नकल के आरोप में डिबार किया गया है।
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए इस बार बोर्ड और सख्त हो गया है। परीक्षा केंद्र बनाने के लिए बोर्ड ने सभी विद्यालयों से ऑनलाइन जानकारी मांगी थी। जिसके आधार पर जिले में 117 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिसमें चार राजकीय, 61 अशासकीय सहायता प्राप्त और 52 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 2020 परीक्षा के लिए जिले के उदयराज सह शिक्षा माध्यमिक विद्यालय चित्राखोर और धौरूखेड़ दयानंद सरस्वती विद्या इंटर कॉलेज रामलखन महादेवा को नकल कराने के आरोप मे डिबार कर दिया है। डॉ. बृज भूषण मौर्य ने सभी प्रधानाचार्य को निर्देशित किया है कि परीक्षा केंद्र के संबंध में कोई शिकायत हो तो साक्ष्यों के आधार पर 16 नवंबर तक कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।