बस्ती। जिले में डेंगू और दो एईएस (एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम) मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को निरोधात्मक कार्रवाई के लिए टीम पीड़ितों के घर पहुंची।
मलेरिया विभाग की टीम ने उनके घर वालों व अगल-बगल के लोगों के खून के नमूने लिए। शहर के गांधीनगर के बाटा गली निवासी 18 वर्षीय किशोरी डेंगू से पीड़ित हो गई थी।
मंगलवार को वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में मलेरिया निरीक्षक ज्योति सिंह, एसएलटी रामनयन की टीम पीड़ित के घर पहुंची। टीम ने घर के चार सदस्यों व पड़ोस के चार लोगों के खून के नमूने लिए।
टीम यहां से पुरानी बस्ती क्षेत्र के दफाली टोला, बिचली मोहल्ला पहुंची। मोहल्ले की 12 वर्षीय बालिका एईएस से प्रभावित थी। उसका इलाज जिला अस्पताल में हुआ। मलेरिया विभाग की टीम पीड़ित के घर पहुंची और परिवार के छह लोगों तथा पड़ोस के सात लोगों के खून के नमूने एकत्र किए।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि डेंगू और जेई-एईएस की रिपोर्ट तत्काल देने और निरोधात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया है। अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर सचिन चौरसिया ने बताया कि शहरी क्षेत्र की आशा व एएनएम को निगरानी के लिए निर्देशित किया गया है।