बस्ती। इबोला प्रभावित देश से आए दो यात्रियों पर स्वास्थ्य विभाग नजर रख रहा है। जिले के अब तक तीन यात्री इबोला प्रभावित देशों से आ चुके हैं। किसी यात्री में बीमारी के लक्षण नहीं हैं। आईडीएसपी सेल की ओर से यात्रियों का फॉलोअप किया जा रहा है।
इससे पूर्व एक और यात्री इबोला प्रभावित देश से जिले में आ चुका है। विभाग का कहना है कि किसी में किसी तरह के लक्षण नहीं मिले हैं। एहतियातन उन्हें क्वारंटीन रहने को कहा जा रहा है। नियमित फॉलोअप की जा रही है। राज्य सर्विलांस अधिकारी आईडीएसपी संचारी शाखा को सीएमओ बस्ती की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बहादुरपुर ब्लॉक अंतर्गत पोखरनी गांव का एक 40 वर्षीय व्यक्ति 29 जून को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगों देश से यात्रा करके केन्या होते हुए मुम्बई एयरपोर्ट पहुंचे हैं। अभी यह मुंबई में ठहरे हुए हैं। यात्री पूरी तरह से एसिम्टोमेटिक है। आईएचपी पोर्टल पर फॉलोअप अपडेट कर दिया गया है।
शहर के गांधीनगर, स्काउट प्रेस के पीछे रहने वाले दूसरे यात्री हैदर मेंहदी युगांडा के कम्पाला शहर से लौटे हैं। आईडीएसपी सेल की ओर से उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया वह इस समय हैदराबाद में हैं। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। कुछ दिन बाद वह बस्ती लौटेंगे। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि सभी एमओआईसी को पत्र भेज अलर्ट पर रखा गया है।
-