बस्ती। जिले में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को जिला महिला अस्पताल में चिकित्सीय परामर्श के लिए आईं दो गर्भवतियों की एंटीजन रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनको होम आइसोलेशन में भेजा गया है। जिले में अब तक 66 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। उनमें 44 स्वस्थ हो गए हैं। अब जिले में 24 सक्रिय मरीज हैं। इन सभी को आइसोलेशन में रखा गया है।
जिले में पहली अप्रैल से अब तक 66 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। 42 संक्रमित निगेटिव होकर स्वस्थ हो चुके हैं। जिला महिला अस्पताल में परामर्श के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं की पहले कोविड जांच अनिवार्य कर दी गई है। वहीं, अन्य अस्पतालों में भी जांच की संख्या बढ़ाई गई है। कोरोना पॉजिटिव एक गर्भवती महिला शहर के विशुनपुरवा व एक मरीज सदर ब्लॉक के महरीपुर गांव की है। सीएमओ डॉ. आरपी मिश्र का कहना है कि कोरोना को लेकर सभी सीएचसी-पीएचसी पर सतर्कता बरतने और संदिग्ध मरीजों की कोविड जांच अनिवार्य रूप से कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला महिला अस्पताल, जिला अस्पताल व रेलवे स्टेशन बस्ती पर कोविड जांच की जा रही है। जिले में कोविड के एक्टिव मरीजों की संख्या 24 हो गई है। महरीपुर व विशुनपुरवा में टीम भेजी गई है। एक्टिव मरीज होम आइसोलेशन में हैं। उनकी निगरानी स्वास्थ्य की टीम कर रही है।
बता दें कि सर्वाधिक जांच वर्तमान में महिला अस्पताल में हो रही है और यहीं से मरीज निकल भी रहे हैं। नोडल अधिकारी नगरीय क्षेत्र डॉ. एके कुशवाहा के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की लगातार कोविड जांच कराई जा रही है।