शराब की दुकान में सेल्समैन से दो लाख की लूट
बनकटी (बस्ती)। लालगंज थाने के महसो राजा मैदान स्थित देसी शराब की दुकान में दरवाजा तोड़कर घुसे असलहाधारी बदमाशों ने करीब दो लाख रुपये लूट लिए। अंदर मौजूद दो सेल्समैन ने विरोध किया तो उन्हें तमंचा सटाकर चुप करा दिया और उनका मोबाइल फोन लेकर धमकी देते हुए निकल गए।
रविवार की आधी रात की घटना की सेल्समैन ने सुबह महसों पुलिस चौकी पर जानकारी दी। थोड़ी देर बाद घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में जुट गई।
सेल्समैन रामदयाल निवासी संतकबीरनगर के मुताबिक, पुरानी बस्ती निवासी सुनील कुमार के साथ वह खाना बना खाकर दुकान अंदर से बंद करके सोने चले गए। उनके अनुसार, दुकान पर लगे लकड़ी के दरवाजे को पीटने की आवाज आई।
उसके बाद बदमाशों ने ठोकर मारा और कुंडी खुल गई। तीन बदमाश अंदर घुस आए। एक ने हेलमेट पहन रखा था और बाकी दोनों चेहरे पर गमछा बांधे हुए थे। उनमें से एक ने मुंशी रामदयाल को तमंचा सटा दिया और सुनील कुमार का मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। उसके बाद गल्ले में रखे करीब दो लाख रुपये लूट लिए। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।