बस्ती। जिले में चोरी की वारदातों की फेहरिस्त बढ़ती जा रही है। शनिवार रात भी चोरी की दो घटनाएं सामने आईं। सोनहा थानाक्षेत्र के अमरौली शुमाली के टोला राम नगर में एक लाख नकदी, जेवर सहित कीमती सामान चोरी हो गया, जबकि परशुरामपुर थानाक्षेत्र के खीरीबाग प्रेम नगर में 24 हजार रुपये, जेवर आदि चोरी हो गया। एक हफ्ते में चोरी की यह 11वीं वारदात है।
पुलिस किसी भी घटना का अब तक पर्दाफाश नहीं कर पाई, जिससे चाेरों के हौसले बुलंद हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द सभी मामलों का पर्दाफाश किया जाएगा।
-
मकान में पिछले हिस्से से घुसे चोर, एक लाख रुपये, 15 लाख का जेवर चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सल्टौआ। सोनहा थाना क्षेत्र के अमरौली शुमाली टोला रामनगर निवासी गौरव सिंह के मकान के पिछले हिस्से से अंदर घुसकर चोर एक लाख नकद व लगभग पंद्रह लाख का जेवरात उठा ले गए। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
गौरव सिंह सोनहा शिवाघाट मार्ग पर रामनगर में परिवार सहित रहते हैं। शनिवार की रात वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छत पर सो रहे थे। नीचे उनकी मां अकेली कमरे में सोई थीं। इसी बीच किसी समय चोर मकान के पिछले हिस्से से छत पर चढ़ गए व जीने के रास्ते नीचे उतर गए। चोरों ने तीन कमरों का ताला तोड़ डाला। अंदर घुसकर चोरों ने आलमारी, बॉक्स आदि का भी ताला तोड़ दिया। चोर नकदी व जेवर लेकर मकान के पीछे का दरवाजा खोलकर निकल गए।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी सुबह हुई। जीने का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उन्होंने मां को आवाज लगाई। नीचे उतरने पर देखा कि मकान के पीछे निकलने के लिए लगा दरवाजा भी खुला है। अनहोनी की आशंका से परिवार के लोग कमरे के पास पहुंचे तो तीन दरवाजों का ताला टूटा था व सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
परशुरामपुर क्षेत्र के खीरीराम नगर में चोरी
सिकंदरपुर, बस्ती। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के खीरी बाग प्रेमनगर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। उक्त गांव के संदीप कुमार पुत्र धनेश ने परशुरामपुर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात भोजन के बाद परिजनों संग घर से बाहर सो गए। रात्रि के समय चोर छत से सीढ़ी पर लगे दरवाज़े की कुंडी खोलकर घर के अंदर दाखिल हुए और उनकी माता का संदूक में रखा कान का झुमका, नथुनी, मंगलसूत्र, दो अंगूठी तथा चाची का पाजेब व चौबीस हजार रुपये उठा ले गए।
सुबह जब परिवार की महिलाएं घर में दाखिल हुईं तो सामान बिखरा पड़ा था। संदूक खुला था और सामान गायब था। सूचना पर पहुंची परशुरामपुर पुलिस ने जांच पड़ताल की। हालांकि खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।
हाल की छह चोरियों का पर्दाफाश नहीं
बीट पुलिसिंग की शिथिलता है या वर्कआउट में देरी, मगर चोर बेखौफ हैं। क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक चोरियों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। क्षेत्र के सिकंदरपुर व चौरी से दो ई-रिक्शा से बैटरियों की चोरी, कोहराये बाजार के दिनेश वर्मा, राजेश कुमार व फ़ज़र अली तथा पड़रीबाबू के सुमित शास्त्री के घर हुई चोरी का पर्दाफाश परशुरामपुर पुलिस नहीं कर पाई है। परशुरामपुर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि जांच पड़ताल की जा रही है।
यह हुईं घटनाएं
- 17 अगस्त को छावनी थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव के अधिवक्ता के घर में पीछे के दरवाजे में लगा ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए। जहां से लाखों के सोने के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
- 10 से 15 अगस्त के बीच कोतवाली थानाक्षेत्र के डड़वा निवासी सतीश श्रीवास्तव के घर में चोरी हो गई। 10 अगस्त को घर में ताला लगाकर वह पत्नी का इलाज कराने गोरखपुर चले गए थे। 15 अगस्त को लौटकर आए तो कमरों के ताले टूटे हुए थे।
- 15 अगस्त की रात परशुरामपुर थानाक्षेत्र के कोहराये बाजार के तीन घरों में चोरी हुई। वहां के फजर अली, दिनेश वर्मा व राजेश कुमार का कहना है कि वह लोग बुधवार सुबह उठकर घर में दाखिल हुए तो सामान बिखरा पड़ा था।
- 13 अगस्त को सोनहा थाना क्षेत्र के परसाखाल गांव में एक साथ तीन घरों में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी, जेवरात आदि चुरा ले गए।
- 11 अगस्त को कप्तानगंज थाने के तमोलीपुर गांव से तीन हॉर्स पॉवर का बिजली का मोटर चोरी हो गया। इस संबंध में गड़हागौतम निवासरी अनिल कुमार सिंह ने तहरीर दी।