बस्ती जिले छावनी थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को रामजानकी मार्ग पर रामरेखा पुल के पास से दो हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। इनमें से एक पर लखनऊ व बस्ती जिले के विभिन्न थानों में कुल 22 और दूसरे पर जिले के कलवारी व छावनी थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए आरोपियों में देवमणि उर्फ हुकुम सिंह निवासी दरियौना थाना दुबौलिया व छावनी थाना क्षेत्र के देवखर गांव निवासी विनय कुमार पांडेय शामिल हैं। सीओ ने बताया कि छावनी थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अमोढा की तरफ से रामजानकी मार्ग होते हुए आ रहे हैं।
दो टीम बनाकर उनकी घेराबंदी की गई तो रामरेखा पुलिया के पास दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों मुड़कर भागने लगे, मगर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनमें देवमणि सिंह उर्फ हुकुम सिंह के पास से पिस्टल, पांच कारतूस युक्त एक स्टील की मैगजीन बरामद की गई।
पुलिस की पूछताछ में बताया कि उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। गवाहों को डराने, मुकदमों में सुलह का दबाव बनाने और अपनी सुरक्षा के लिए पिस्टल रखता है। पकड़े गए विनय पांडेय के पास से 12 बोर तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। उसने बताया कि तमंचा को वह गोंडा के किसी ट्रक चालक से खरीदा था।