वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के अंतर्गत बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित ट्रेलर की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते बचा। देईपार चौराहे के पास से गुजर रहे एक ट्रेलर में बिजली के लटकते तार फंस गए। खिंचाव इतना जबरदस्त था कि मुख्य मार्ग पर लगा एक पोल जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा।
इसी दौरान ब्लॉक रोड पर स्थित एक अन्य खंभा भी धराशायी हो गया। राहत की बात यह रही कि जिस समय पोल और हाईटेंशन लाइन के तार गिरे, उस वक्त नीचे कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कस्बे के ओम प्रकाश जायसवाल, संतोष अग्रहरि, कृपा शंकर श्रीवास्तव सहित आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना विद्युत निगम को दी। सूचना मिलते ही बिजली निगम के अवर अभियंता सूर्यनाथ यादव अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आपूर्ति बंद कराई।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर आवागमन सुचारू किया गया। इधर आसपास के उपभोक्ताओं ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि मुख्य सड़क पर तार कई महीनों से ढीले थे। साथ ही पुराने जर्जर पोल को बदलने के लिए अवगत कराया गया था लेकिन निगम द्वारा कोई भी ध्यान नहीं दिया गया। जिसके कारण घटना हो गई।
घटना के बाद बस्ती डुमरियागंज मार्ग पर एक केबल मुख्य सड़क पर लटकर आने जाने वाले बड़े वाहनों के ऊपर फंसता नजर आ रहा था, जब लोगों ने कहा तो उसे ठीक कराया गया। बिजली निगम के अवर अभियंता सूर्यनाथ यादव ने पुलिस को ट्रेलर कब्जे में लेने और चालक के विरुद्ध सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में सोनहा पुलिस को तहरीर देकर विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।