बस्ती। यूजी बांड के तहत जिले के विभिन्न सीएचसी और पीएचसी पर तैनात दो चिकित्सक मंगलवार को ऑनलाइन हाजिरी के दौरान गैरहाजिर मिले। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने दोनों का एक दिन का मानदेय बाधित करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ के निर्देश पर दोपहर करीब 12 बजे यूजी बांड के तहत तैनात सभी 18 एमबीबीएस चिकित्सकों की ऑनलाइन हाजिरी ली गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. एसआर यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से एक-एक कर चिकित्सकों की उपस्थिति दर्ज की। जिन क्षेत्रों में इंटरनेट की समस्या थी, वहां तैनात चिकित्सकों से गूगल की मदद से फोटो खींचकर भेजने को कहा गया।
जांच के दौरान पीएचसी जगदीशपुर में तैनात डॉ. हर्ष अवस्थी और पीएचसी करमहिया में तैनात डॉ. प्रशांत कुमार अनुपस्थित मिले। विभाग के अनुसार एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद चिकित्सकों को नियमानुसार दो वर्ष सरकारी अस्पताल में सेवा देनी होती है। इसी के तहत संविदा पर नियुक्ति कर चिकित्सकों से सेवा का बांड भरवाया जाता है।