पेड़ से लटकी मिली दो लाश, सनसनी
दुबौलिया/छावनी(बस्ती)। दुबौलिया और छावनी थानाक्षेत्र में पेड़ से लटका दो स्थानों पर दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। छावनी के नगरा बदली गांव में 38 वर्षीय युवक और दुबौलिया के केवाड़ी एहतमाली में 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। बुजुर्ग के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अमरूद के पेड़ की डाल से लटके उसके शव की स्थिति देखकर ऐसा नहीं लग रहा कि उसने खुदकुशी किया होगा। क्षेत्र में उसकी हत्या कर शव लटका देने की चर्चा है। मृतक के पैर के दोनों घुटने जमीन से छू रहे थे। पेड़ के बगल में एक साइकिल खड़ी था। थाना प्रभारी दुबौलिया ब्रह्मा गौड़ का कहना है कि मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष आंकी जा रही है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दूसरी घटना में बताया जा रहा है कि छावनी थानाक्षेत्र के नगरा बदली निवासी 38 वर्षीय राम अभिलाख पुत्र नंदलाल पर परिवार की जिम्मेदारी थी। घर में पत्नी सुनीता के साथ चार बच्चों की जिम्मेदारी उस पर थी। मृतक के बड़े भाई रामदेव ने बताया कि उनके सभी भाई उसकी आर्थिक मदद किया करते थे। रविवार सुबह ही घर से निकला। सोमवार सुबह गांव से कुछ दूर स्थित आम के बाग में पेड़ से लटका उसका शव मिला। मुकामी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।