विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के खतमसराय चौराहे के पास सोमवार रात दो कारों में टक्कर हो गई। एक कार पलटते हुए 300 मीटर दूर एक घर के बरामदे में जा घुसी। कार चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वह लोग अयोध्या से इलाज करवाकर पटखापुर गांव लौट रहे थे। छावनी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी विक्रमजोत भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, घायलों में चालक 28 वर्षीय मनीराम मौर्य पुत्र स्व. रामशब्द, आठ वर्षीय राज मौर्य पुत्र हरीराम, 35 वर्षीय सुष्मिता निवासी पटखापुर, 26 वर्षीय आशीष मौर्य पुत्र रामकिशोर निवासी पडियाडीह थाना पैकोलिया शामिल हैं। देर रात चिकित्सकों ने गम्भीर रूप से घायल मनीराम मौर्य और सुष्मिता को मंडलीय चिकित्सालय अयोध्या रेफर कर दिया। उधर, टक्कर के बाद दूसरी कार में सवार लोग भागने लगे।ग्रामीणों ने कार रोककर उसमें सवार दो युवकों को पकड़ कर छावनी पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष सुभाष मौर्य ने बताया कि मंगलवार को घटना में घायल मनीराम मौर्य निवासी पटखापुर की तहरीर मिली है। संवाद