बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी उपाध्याय मार्केट के पास शनिवार की देर शाम दो बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दंपती सहित चार घायल हो गए। दंपती की हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज बस्ती रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुंडेरवा थाना क्षेत्र के लहरी गांव निवासी बाइक चालाक प्रदीप (30) व मिठाई लाल से कहीं जा रहे थे, जबकि दूसरे बाइक पर सवार लालगंज थाना क्षेत्र के कुढ़वा गांव निवासी अमीत (26), पत्नी सत्या (25) और बहन रानी (20) सवार थीं। उपाध्याय मार्केट के पास दोनों बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों बाइक पर सवार लोग दूर जा गिरे। बाइक चालक हेलमेट पहने थे।
ग्रामीणों ने घायलों को आनन-फानन पीएचसी बनकटी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दंपती को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मामूली रूप से घायल मिठाई लाल व प्रदीप को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। लालगंज के थानेदार संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर गई थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।