बलवा, मारपीट व गैर इरादतन हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
नगर बाजार थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में हुई थी वारदात
नगर बाजार (बस्ती)। थाना क्षेत्र के ग्राम दामोदरपुर में मारपीट के दौरान घायल की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त बल्ली का टुकड़ा व लाठी आदि भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के ग्राम दामोदरपुर (कटरूआवीर सिंह) में जमीन के विवाद में शनिवार को दो पक्षों मे जमकर लाठी-डंडे चले थे। इसमें एक पक्ष के प्रहलाद यादव को गंभीर चोटें आई थीं। उनकी गोरखपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने प्रहलाद के बेटे धर्म कुमार यादव की तहरीर पर मारपीट, गैर इरादतन हत्या, बलवा समेत विभिन्न धाराओं में शेषनाथ यादव, गंगाराम यादव, राम विलास यादव, प्रदुम्न यादव व अभिमन्यु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो लोग नगर थाना क्षेत्र के अरबापुर मोड़ पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जहां रामविलास यादव व अभिमन्यु यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी नगर धर्र्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल बांस की बल्ली के दो टुकड़े, दो लाठी आदि बरामद कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।