फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सच होते दिखा गांव के अस्तित्व का भय

विज्ञापन
बांध ठीक करते लोग। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
दुबौलिया। जिस तटबंध को बचाने के लिए दो साल से ग्रामीण गुहार लगा रहे थे बृहस्पतिवार को सच होते दिखा तो रूह कांप गई। 70 फीसदी बांध लगातार नदी में समाता रहा। प्रशासन गांव छोड़ने की अपील करता रहा। 
विज्ञापन

जिले के अतिसंवेदनशील कटरिया-चांदपुर तटबंध पर सुबह सात बजे से ही चांदपुर गांव के निकट सरयू की तेज धारा का तेज दबाव बना था। खाली जमीन काटती हुई नदी तटबंध के पास पहुंच गई। करीब साढ़े 11 बजे भीषण कटान शुरू हो गई। बंधा करीब 50 मीटर की लंबाई और दो से तीन मीटर की चौड़ाई में डेढ़ घंटे में कट गया। गांव में कोहराम मच गया। गांव के लोग बाढ़ खंड व प्रशासन के खिलाफ भड़ास निकालने लगे। चांदपुर व खलवा गांव के लोगों का आरोप था कि सुबह से ही कटान हो रही थी लेकिन बाढ़ खंड तत्काल नहीं पहुंचा। वहीं, बाढ़ खंड के जिम्मेदारों का कहना है कि अतिसंवेदनशील बांध है। चार किलोमीटर के दायरे में नदी दबाव बना रही है। जगह-जगह मरम्मत कार्य चल रहा है। कटान की सूचना पर एसडीएम एसपी शुक्ल, तहसीलदार मोहम्मद जसीम, नायब तहसीलदार विजय कुमार कटान स्थल पर पहुंचे। थोड़ी ही देर बाद एडीएम रमेश चंद्र, क्षेत्राधिकारी कलवारी अरविंद वर्मा व थानेदार कप्तानगंज व कलवारी भी टीम के साथ पहुंच गए। गांववालों को सुरक्षित स्थान पर जाने का एनाउंस करते रहे। 

आसपास के गांवों में अफरा-तफरी 
कटरिया-चांदपुर तटबंध कटने की सूचना पर चांदपुर गांव बसे 55 घरों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण अपने सामान को निकाल कर रामजानकी मार्ग की पटरी पर रखने लगे। बच्चों व बुजुर्गों तथा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए। प्रशासनिक अमले ने भी सरयू की तेज कटान देख कर लोगों से अपने-अपने घरों को खाली कर धर्मूपुर प्राथमिक विद्यालय पर पहुंचने को कहा। बगल के खलवा, दुबौलिया कस्बा, धर्मूपुर, खजांचीपुर, भिऊरा, मझियार आदि गांव में भी अफरा-तफरी मची रही। 
विज्ञापन

क्षेत्र के स्कूल बंद किए गए 
चांदपुर गांव के पास तटबंध कटने की सूचना पर क्षेत्र के राज पब्लिक स्कूल, विवेकानंद इंटर कॉलेज, आदर्श बाल शिक्षा निकेतन, ऐडी ऐकडमी धर्मूपुर, जय प्रभा इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय चांदपुर आदि स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। 

भय से रोने लगीं महिलाएं-बच्चे
तटबंध कटने की सूचना पर हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। भीड़ से तटबंध के मरम्मत कार्य में बाधा आने लगी। भीड़ को रोकने के लिए सीओ कलवारी अरविंद वर्मा, दुबौलिया, कलवारी , कप्तानगंज की पुलिस को घंटों मशक्कत करती रही। बैरिकेडिंग कर ग्रामीणों को तटबंध पर जाने से रोका गया। वहीं, भगदड़ देखकर महिलाएं व बच्चे रोने लगे। हर तरफ चीख-पुकार मच गई। पालतू पशुओं को खोल दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें