बुद्धि बाजार में सपा-कांगेस के समर्थन की सभ्ाा में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद के अध्यक्ष लालू यादव ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी को झूठा व पाखंडी तक कह डाला। कहा कि अमेरिका में एक अद्भुत राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी जुड़वां भाई हैं।
मंच से लालू यादव ने कहा कि मोदी ने कहा था कि विदेेशों से काला धन लाएंगे, मगर सत्ता में आने के बाद विदेेशों से काले धन की एक पाई तक नहीं ला सके। सभी के खातों में 15-15 लाख रुपये भेजने की बात भी झूठी साबित हुई। नोटबंदी से गरीबों को अपने ही धन के लिए धक्के खाने पड़े। बिहार में हमने लड़ाई लड़ी और मोदी विजय रथ को रोक दिया। अब यूपी में जनता की बारी है। कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनी तो किसानों के कर्जे माफ और बिजली बिल हाफ करने का वादा पूरा किया जाएगा। कहा कि भाजपाइयों से खानदानी लड़ाई चली आ रही है। रथ यात्रा लेकर निकले आडवाणी को हमने जेल भेज दिया था। इसके पूर्व सभा को पूर्व सांसद भालचंद्र यादव, प्रमोद यादव, हाजी जैनुल्लाह, अनूप पांडेय आदि ने भी संबोधित किया। सपा जिलाध्यक्ष राजकपूर यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विरेंद्र पांडेय थे।